पीडीडीयू नगर। नई दिल्ली से राजगीर जा रही डाउन श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रा कर रही महिला ने सोमवार की भोर में स्थानीय रेलवे स्टेशन पर बच्चे को जन्म दिया। आरपीएफ और चिकित्साकर्मियों की सहायता से ट्रेन में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ है। प्राथमिक उपचार के बाद महिला उसी ट्रेन से आगे के लिए रवाना हुई।
बिहार के नालंदा जिले के चनवारा पोस्ट रहुई निवासी गर्भवती रीता देवी (37) अपने पति कल्लू राम के साथ नई दिल्ली से बिहार शरीफ जाने के लिए श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन के कोच संख्या डी-4 के सीट संख्या 71 पर सवार हुई। ट्रेन वाराणसी से आगे बढ़ी थी कि उसे प्रसव पीड़ा शुरू हुई। यात्रियों ने इसकी सूचना कंट्रोल को दी। कंट्रोल की सूचना पर पूर्व मध्य रेलवे लोको मंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डा. जितेन्द्र, नर्स शकुंतला देवी, गीता देवी, आरपीएफ की आरक्षी दिव्या कुमारी, सावित्री फगेडिय़ा आदि सतर्क हो गए। भोर में 3.25 बजे रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या तीन पर पहुंची। ट्रेन पहुंचते ही पूरी टीम कोच में पहुंची और महिला का सुरक्षित प्रसव कराया। रीता ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। महिला का प्राथमिक उपचार किया गया और इसके बाद जच्चा बच्चा को आगे की यात्रा की इजाजत दी गई। इलाज और दवा कराने के बाद जच्चा बच्चा दोनों आगे के लिए रवाना हुए। इस दौरान ट्रेन छह मिनट की देरी से खुली।