शहाबगंज। थाना क्षेत्र के चकिया-चंदौली मार्ग पर ठेकहां गांव के समीप बाइक व ऑटो की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक महिला की मौत हो गई। वहीं बाइक सवार दो व ऑटो में सवार दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तीन घायलों का इलाज स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया जबकि महिला की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे चकिया स्थित संयुक्त जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
क्षेत्र के बड़गावां गांव के निवासी यहिया प्रधान (75) व शफीक अहमद (52) बाइक द्वारा चकिया से वापस घर आ रहे थे। ठेकहां गांव के पास पहुंचते ही उनके बाइक की सामने से आ रहे ऑटो से जोरदार टक्कर हो गई। इसमें बाइक पर बैठे यहिया प्रधान व शफीक अहमद सड़क पर गिरकर घायल हो गए। वहीं ऑटो पलटने से उसका चालक अनिल (27) व ऑटो में सवार सैयदराजा निवासी प्रवीन मौर्य (26) व सैयदराजा थाना की नेवादा गांव निवासी सुमन (30 ) भी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोग सभी घायलों को स्थानीय पीएचसी ले गए जहां सुमन की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे चकिया के संयुक्त जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। सुमन के सिर में गंभीर चोट आ गई थी। जिला चिकित्सालय में इलाजे के दौरान सुमन ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। वहीं घटना की सूचना मृतका के परिजनों को दे दी है।