नौगढ़। चकरघट्टा थाना क्षेत्र के जनकपुर गांव में बुधवार को बिजली गिरने से महिला गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन उसे सोनभद्र के लोढ़ी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
जनकपुर गांव निवासी रीता देवी (40) बुधवार को घर के बाहर काम कर रही थीं। इसी दौरान मौसम खराब होने के साथ तेज गरज-चमक और बारिश शुरू हो गई। अचानक बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं। जानकारी होने पर परिजन उन्हें निजी वाहन से लोढ़ी अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
रीता देवी की मौत से पति श्याम नारायण का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका अपने पीछे तीन बेटों को छोड़ गई हैं। इनमें बड़ा बेटा 18 वर्ष और अन्य दोनों 14 व 12 वर्ष के हैं। मां की मौत से तीनों बेटों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रविशंकर पांडेय ने बताया कि बिजली की चपेट में आने से महिला की मौत हुई है। थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला की मौत की सूचना मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा जाएगा।