चहनिया। क्षेत्र के मथेला दलित बस्ती में तार और बिजली का पोल नहीं लगाए जाने के बावजूद विभाग की तरफ से मोबाइल फोन पर बिल भेज दिए जाने से नाराज उपभोक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना कनेक्शन दिए ही बिल भेज दिया जा रहा है। चेतावनी दी अविलंब बिजली बिल वापस नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
मथेला निवासी आनंद कुमार ने बताया कि उनके गांव में कई साल पहले बिजली का मीटर लगा दिया गया विद्युतीकरण अभी तक नहीं किया गया और लोगों को आज तक बिजली भी नहीं मिली। इसके बाद भी लोगों के मोबाइल फोन पर बिजली बिल का मैसेज भेजा जा रहा है। यह स्थिति तब है कि जबकि मीटर का कनेक्शन भी नहीं है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि दो-तीन साल पहले अपने को विद्युत निगम का कर्मचारी बताकर उस व्यक्ति ने बिजली कनेक्शन निशुल्क में दिए जाने की बात कहकर आधार कार्ड ले लिया था और एक पर्ची भी दिया था। कई घर तो ऐसे हैं जहां केवल बिजली का मीटर ही लगा है और कनेक्शन तक नहीं जुड़ा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर बिजली बिल वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन किया जाएगा। मथेला निवासी आनंद, अशोक राम, सुजीत, अनिल, रामसकल, संदीप, सुदर्शन, शुभम कुमार, आशा देवी, शीला देवी, नौरंगी, गुड़िया, सोचन सहित अन्य लोगों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए बिजली बिल माफ कटाने की मांग की है। उधर, इस संबंध में विद्युत निगम के अवर अभियंता सुभाष यादव ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कराकर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।