पीडीडीयू नगर। जिला मुख्यालय से उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा स्थित धरौली तक जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण का काम शुरू हो गया है। करीब 11 किलोमीटर लंबी सड़क को 24 करोड़ रुपये की लागत से टू लेन बनाया जा रहा है। इससे क्षेत्र के करीब 50 गांवों के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। वहीं, नरहन गांव के पास कर्मनाशा नदी पर 26 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण कराया जा रहा है।
जिला मुख्यालय से धरौली तक जाने वाला यह मार्ग बिहार के कैमूर जिला मुख्यालय भभुआ को जोड़ने वाले प्रमुख रास्तों में शामिल है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क की चौड़ाई कम होने से कई स्थानों पर वाहनों को निकलने में परेशानी होती है। खासकर भारी वाहनों के गुजरने के दौरान यातायात प्रभावित होता है। सड़क चौड़ी होने से जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है। बिहार स्थित मां मुंडेश्वरी देवी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सहूलियत मिलेगी।
पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड की ओर से टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। वर्तमान में सड़क की चौड़ाई करीब साढ़े पांच मीटर है, जिसे बढ़ाकर सात मीटर किया जाएगा। इससे बसों और अन्य भारी वाहनों के आवागमन में आसानी होगी। धरौली, हलुआ, ऐलही, नरहन, अल्हलादपुर, विजयपुर, मड़ईपर, राजबाजार और नवही समेत करीब 50 गांवों के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
इनसेट:
पुल के पिलर का हो रहा निर्माण
धरौली-नवही रोड पर नरहन गांव के पास कर्मनाशा नदी पर करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाया जा रहा है। पुल के पिलर बनाने के लिए छह कुओं की खुदाई की जा रही है। इनमें से दो कुओं की खुदाई पूरी हो चुकी है, जबकि शेष पर काम चल रहा है। पुल के साथ एप्रोच रोड भी बनाया जाएगा। सेतु निगम के अधिशासी अभियंता आरके रावत ने बताया कि दो कुओं की खुदाई पूरी हो चुकी है। शेष कुओं की खुदाई जारी है। पुल बनने से सीमा क्षेत्र के लोगों को आवागमन में और सहूलियत मिलेगी।
कोट-
ग्रामीण काफी दिनों से धरौली-नवही रोड के चौड़ीकरण की मांग कर रहे थे। इसको देखते हुए सड़क की कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी गई थी। मंजूरी मिलने और बजट जारी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। - कृष्ण कुमार, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड, चंदौली।