फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandauli: पोल्ट्री फार्म में मुर्गियों को चारा डालते समय लगा करंट, भाई-बहन की मौके पर ही मौत, मचा कोहराम

Thu, 22 Dec 2022 10:37 PM IST
किरन रौतेला न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंदौली

सार

जूही तिवारी और उनका भाई सत्यम उपाध्याय गांव के बाहर स्थित पोल्ट्री फार्म में गुरुवार की सुबह मुर्गियों को चारा डालने गए थे। इसी दौरान इनवर्टर के करेंट की चपेट में आ गए। पहले सत्यम को करेंट लगा, उसे छुड़ाने के प्रयास में जूही भी करेंट की चपेट में आ गई और दोनों की मौत हो गई। जूही के पति सियाराम तिवारी घटना के दौरान घर में मौजूद नहीं थे।
विज्ञापन
पोल्ट्री फार्म में मुर्गियों को चारा डालते समय लगा करंट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चंदौली में धीना थाना क्षेत्र के बहेरी गांव में बृहस्पतिवार की भोर में मुर्गियों को दाना डालते समय करंट की चपेट में आने से सगे भाई बहन की मौत हो गई। इन्वर्टर का प्लग लगाने के दौरान करंट उतरा और दोनों उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना में मृत विवाहिता बहन के दो छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। मासूम बच्चों का करुण क्रंदन देकर हर कोई रो पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

विज्ञापन


बेहरी गांव निवासी सियाराम तिवारी की पत्नी जूही तिवारी (28) अपने भाई धानापुर थाना क्षेत्र के शांतिपुर तोरवा गांव निवासी सत्यम उपाध्याय (20)  के साथ भोर के करीब पांच बजे पोल्ट्री फार्म में चारा डालने गई थी। पोल्ट्री फार्म गांव से करीब सात सौ मीटर दूर खेत में बना है।

संभावना जताई जा रही है कि फार्म में अंधेरा देखकर सत्यम इन्वर्टर में प्लग लगाने लगा। इस दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बहन जूही भी करंट की चपेट में आ गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। जूही के पति सियाराम वाराणसी में शराब की दुकान पर सेल्समैन की नौकरी करते हैं।

विज्ञापन

सुबह जब पत्नी को फोन किया तो फोन नहीं उठा। फिर साले सत्यम को फोन किया तो उसका भी फोन नही उठा। घर के मोबाइल पर फोन किया तो उनकी सात वर्षीय पुत्री आरोही ने फोन उठाया। सियाराम ने उसे मां से बात कराने को कहा। इस पर पुत्री आरोही और पांच वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ जब फार्म पर गए तो देखा कि मां और मामा दोनों जमीन पर गिरे पड़े हैं।

पुत्री ने फोन कर पिता को पूरी जानकारी दी। थोड़ी ही देर में घटना की जानकारी पूरे गांव में आग की तरह फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाना चाहा पर परिजनों ने इसे दुर्घटना बताते हुए पोस्टमार्टम न कराने का अनुरोध किया। कहा कि अचानक घटना घटी है। यह कोई आपराधिक मामला नहीं है इसलिए वे शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं। इस अनुरोध के बाद पुलिस ने पंचनामा कर शवों को परिजनों को सौंप दिया।
विज्ञापन

दौड़ व शूटिंग का उभरता खिलाड़ी था सत्यम

धानापुर थाना क्षेत्र के शांतिपुर तोरवा गांव निवासी सत्यम उपाध्याय दौड़ व राइफल शूटिंग का उभरता खिलाड़ी था। वह कई मेडल और ट्राफी भी जीत चुका था। उससे परिजन सहित क्षेत्र के लोगों को काफी उम्मीदें थीं। उसके पिता मुन्ना उपाध्याय की मौत करीब 15 वर्ष पहले कार दुघर्टना में हो चुकी थी। वहीं सत्यम अक्सर बहन के गांव बहेरी जाकर उसकी मदद आदि करता था। बुधवार को भी वह बहन के घर गया था। दोनों सुबह पोल्ट्री फार्म के लिए निकले और बड़ा हादसा हो गया। संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें