पीडीडीयू नगर। लोकसभा चुनाव में चंदौली से भाजपा प्रत्याशी डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय की हार के बाद लगाए जा रहे आरोपों पर सैयदराजा के भाजपा विधायक सुशील सिंह ने संगठन को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने लिखा है कि जब सारी जिम्मेदारी विधायकों और राज्यसभा सांसदों की है तो संगठन का क्या काम है। उन्होंने खामियों को सुधारने की नसीहत दी है। फेसबुक पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि हार की समीक्षा कीजिए, आरोप मत लगाइए।
लोकसभा चुनाव में बीजेपी की हार के बाद आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। भाजपा प्रत्याशी जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में सपा से पीछे रहे है। सैयदराजा में हार का अंतर थोड़ा कम रहा, लेकिन सकलडीहा और मुगलसराय विधानसभा में सपा की बढ़त काफी ज्यादा रही। इसकी वजह से बीजेपी प्रत्याशी को 21 हजार से अधिक वोटों से हार का मुंह देखना पड़ा। पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से सटी चंदौली सीट में हार के बाद जिले के विधायकों और दो राज्यसभा सांसदों पर तरह-तरह के आरोप लग रहे हैं। इस पर विधायक सुशील ने सोशल मीडिया के जरिये अपना पक्ष रखा। फेसबुक पर पोस्ट करते हुए उन्होंने संगठन को नसीहत दी है। लिखा- ''जब सारी जिम्मेदारी जिले के विधायकों ओर माननीय राज्यसभा सांसदों की है, तो संगठन का क्या काम। समीक्षा करिए, आरोप मत लगाइए। अनावश्यक टिप्पणी करने से बेहतर है कि अपनी-अपनी खामियों पर ध्यान देते हुए उन्हें सुधारा जाए। अभी भी समय है।''