जनपद में स्थापित कुल 58 क्रय केंद्रों से अब तक 14 केंद्रों में खरीद शुरू हुई है। यहां लगभग चार हजार कुंतल गेहूं की खरीदारी की है। वहीं कई क्रय केंद्रों पर अभी तक बोहनी भी नहीं ह़ुई है। जबकि कई केंद्र किसानों के पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं मुख्यालय स्थित जगदीश सराय के यूपी एग्रो केंद्र पर शनिवार को प्रभारी किसानों के आने का इंतजार करते रहे। गौरतलब है कि गेहूं की खरीद तीस जून तक होनी है।
इस बार जिले में सिर्फ सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीदारी की जा रही है। इसके लिए कुल 58 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इसमें अब तक कुल 14 केंद्र पर खरीदारी हुई है। जबकि कुल लक्ष्य खरीदारी का एक लाख 15 हजार एमटी रखा गया है। समर्थन मूल्य 1625 रुपये निर्धारित है। अब तक15 दिनों में मात्र कुल चार हजार कुंतल ही खरीद हो पाई है। वहीं मुख्यालय के जगदीश सराय स्थित केंद्र पर अभी तक बोहनी नहीं हो पाई है। क्रय केंद्रों पर व्यवस्था न होने से भी दिक्कत है। इस संबंध में किसान रमेश सिंह व सुरेंद्र सिंह का कहना है कि गेहूं की बुवाई पीछे होने के कारण कटाई व मढ़ाई में देरी हो रही है। एक सप्ताह में किसानों की गेेहूं की फसल तैयार हो जाएगी जिससे क्रय केंद्र पर किसानों की भारी भीड़ लगेगी। हालांकि अधिकतर जगहों पर छाया, पानी और अन्य सुविधाओं का अभाव है। अवधेश यादव व सूर्यनाथ सिंह का कहना है कि जिला प्रशासन क्रय केंद्रों पर किसानों की सुविधाओं को देखते हुए सभी व्यवस्था करे। वहीं जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी के के सिंह का कहना है कि गेहूं खरीद हो रही है, सभी केंद्रों पर किसानों के लिए आवश्यक सुविधाए उपलब्ध हैं। अभी आाक कम होने के कारण खरीदारी धीमी है, आने वाले दिनों में तेजी की उम्मीद है।