पीडीडीयू नगर। पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर लाइसेंस के बगैर आईआरसीटीसी का ड्रेस पहनकर सामान बेच रहे वेंडरों के खिलाफ जीआरपी की तरफ से मंगलवार की रात अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 18 वेंडर पकड़े गए। जीआरपी की इस कार्रवाई से स्टेशन पर वेंडरों में खलबली मची रही।
उधर, बिना लाइसेंस के खाद्य सामग्री सहित अन्य सामान बेचने वाले वेंडर बुधवार को गायब नजर आए। कई वेंडरों ने पहचान छिपाने के लिए आईआरसीटीसी की ड्रेस पहन रखी थी। जीआरपी ने पकड़े गए वेंडरों को आरपीएफ के हवाले कर दिया। आगे की कार्रवाई आरपीएफ करेगी। जीआरपी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर बिना लाइसेंस के वेंडरों द्वारा सामान बेचे जाने की शिकायत मिल रही थी। बिना लाइसेंस के वेंडर न सिर्फ खराब गुणवत्ता के सामान बेच रहे थे, बल्कि यात्रियों से दुर्व्यवहार भी कर रहे थे। इस शिकायत के आधार पर मंगलवार की रात जीआरपी की तरफ से अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि जांच अभियान के दौरान 18 वेंडर पकड़े गए। पकड़े गए वेंडरों को आरपीएफ के हवाले कर दिया गया। आरपीएफ रेलवे एक्ट के तहत चालान कर रही है। उन्होंने बताया कि पकड़े गए लोगों में सुजीत कुमार गोंड़ निवासी ब्लाॅक नंबर 34, रूम नंबर 405, गोधना, अलीनगर, मुकेश सोनकर निवासी कमलापुर थाना अलीनगर, गुड्डू निवासी गल्ला मंडी लाट नंबर-2 थाना मुगलसराय, गोपाल लाल निवासी अलीनगर थाना अलीनगर शामिल हैं। इनके अलावा संजय यादव निवासी गंजख्वाजा थाना अलीनगर, राधेश्याम चौहान निवासी मवई खुर्द थाना अलीनगर, सुमित निवासी काली महाल, मुगलसराय, दीपक निवासी नई बस्ती महमूदपुर, मुगलसराय, सदन निवासी हसनपुर कम्हरिया, बबुरी, मुन्ना सोनकर, निवासी नई बस्ती गिधौली थाना मुगलसराय, सुभाष यादव निवासी मवई कला थाना मुगलसराय, विशाल कुमार निवासी डिहवा थाना अलीनगर को भी पकड़ा गया है। इसी तरह से अनिल गुप्ता निवासी खोवा मंडी, मुगलसराय, सुभाष सोनकर निवासी आलमपुर, अलीनगर, सरफराज निवासी कसाब महाल, मुगलसराय, धीरज सोनकर निवासी नई बस्ती महमूदपुर थाना अलीनगर, बलवंत कुमार निवासी देवई थाना अलीनगर, चंदौली और धर्मेंद्र सोनकर निवासी नई बस्ती महमूदपुर अलीनगर का भी चालान किया गया।