कंदवा। क्षेत्र के असना गांव के मुख्य मार्ग पर हो रहे जलभराव से स्थिति काफी दयनीय हो गई है। करीब दो सौ मीटर तक मार्ग पर जगह जगह बने गड्ढे और बारिश के बाद गड्ढों में पानी भरने से लोगों को आवागमन में असुविधा हो रही है।
सैयदराजा जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग से असना गांव के लिए संपर्क मार्ग का निर्माण पीडब्लूडी ने कराया है। मार्ग असना गांव के पास क्षतिग्रस्त हो गया है। मार्ग पर जगह जगह गढ्ढे बन गए हैं। बरसात के बाद गड्ढों में भरा पानी लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। असना गांव के शंकर दयाल उपाध्याय, विजय शंकर उपाध्याय, राज किशोर यादव, रमेश गुप्ता ने बताया कि इस मार्ग से आधा दर्जन से ज्यादा गांवों के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। सड़क पर बने गड्ढों के चलते मार्ग से आवागमन करने में लोगों को काफी असुविधा हो रही है। कीचड़ युक्त मार्ग पर फिसलन होने के कारण गिरकर आए दिन लोग चोटिल हो रहें है। गांव के नागेंद्र सिंह, अंबरीश सिंह, अरविंद सिंह ने उच्चाधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग की है।