मुख्यालय पर कचहरी के सामने अंडरपास के पास हुआ जल भराव
- फोटो : CHANDAULI
चंदौली। बारिश आते ही जिला मुख्यालय की दुश्वारियां बढ़ जाती है। इस बार भी इसके संकेत दिख रहे हैं। रविवार को दो घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश में मुख्यालय पर कई इलाकों में जल भराव की स्थिती बन गई। सड़कें नहर व नाले में तब्दील नजर आईं, वहीं सरकारी दफ्तरों व परिसरों में बारिश का पानी जमा हो गया। वार्डों की बात करें तो वहां गंदगी व कच्चे रास्तों पर जलजमाव से वार्डवासियों को भारी असुविधा हुई।
नगर पंचायत के तहत मुलयाय पर 15 वार्ड आते हैं। इसके अलावा यहां कई जिला स्तरीय कार्यालय, बैंक शाखाओं के अतिरिक्त सदर कचहरी व जिला न्यायालय मौजूद है। देखा जाए तो चंदौली मुख्यालय निर्माण के दौर से गुजर रहा है। इस कारण न तो चलने के लिए ठीक ढंग से सर्विस रोड बन सके हैं और ना सड़क किनारे बनी नालियां एक-दूसरे से जुड़ पायी है, जिससे सड़क किनारे स्थित मकानों व प्रतिष्ठानों का गंदा पानी इन नालियों में ही एकत्र होता है। ऐसे में जब भी बारिश होती है नालियों का पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर आ जाता है। घंटों बारिश होने पर सड़कें नहर व नाले में तब्दील हो जाती है। रविवार की शाम दो घंटे की जोरदार बारिश ने नगर पंचायत प्रशासन की पोल खोल दी। सर्विस रोड बारिश के पानी में लबालब डूब गया। इसके अलावा सदर कोतवाली परिसर, पुलिस लाइन के अलावा कचहरी के समक्ष बड़ी पुलिया एवं जिला अस्पताल परिसर के कुछ हिस्सों में बारिश का पानी जमा हो गया था। एक दिन की बारिश में मुख्यालय का यह हाल है यदि मानसून आया और लगातार बारिश हुई तो लोगों की मुसीबतें और अधिक बढ़ जाएगी।