जिले में विगत शुक्रवार से हो रही लगातार बारिश ने किसानों की सिंचाई की समस्या दूर कर दी है। नरवन परगना के किसानों का कहना है कि अब यदि और बारिश हुई तो गेहूं की बोआई में परेशानी होगी क्योंकि खेतों में पानी भरा होने से जोताई नहीं हो पाएगी। ऐसे में गेहूं की खेती के पिछड़ने का खतरा बन जाएगा।
अचानक मौसम बदलने और दो दिन झमाझम व रुक-रुककर हो रही बारिश से खेत पानी से लबालब भर गए हैं। इससे किसानों में खुशी की लहर है। विगत शुक्रवार से जिले में बारिश का नया दौर आरंभ हुआ। इसके बाद मंगलवार तक कभी तेज तो कभी रुक-रुककर बारिश होती रही।
इससे पानी के लिए तरस रहे खेतों की प्यास बुझ गई है। बारिश के कारण धान की फसल में लगने वाले रोग भी समाप्त हो गए हैं।