पीडीडीयू नगर। रेलवे सुरक्षा बल ने बिहार के कटिहार से स्थानीय रेलवे स्टेशन पर भटक कर आए बालक को बरामद किया। बच्चे के परिवार वालों को सूचित किया गया और इसके बाद बच्चे को चाइल्ड लाइन के हवाले कर दिया गया।
मंगलवार की रात रेलवे सुरक्षा बल डीडीयू पोस्ट के एसआई सुनील कुमार मेरी सहेली टीम के एसआई अर्चना कुमारी मीना, आरक्षी राम कुशल यादव और अभय कुमार के साथ गश्त कर रहे थे। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या तीन और चार पर गश्त के दौरान सात वर्षीय बालक घूमता दिखा। लड़के से परिवार के सदस्यों के बारे में पूछा गया तो वह रोने लगा। इस पर उसे पोस्ट पर लाकर काउंसिलिंग की गई। पूछताछ में उसने बताया कि वह कटिहार बिहार का रहना वाला है। उसे मम्मी ने मारा था तो वह पटना से गाड़ी पकड़ कर दिल्ली जा रहा था। लिखा पढी के बाद बच्चे को चाइल्ड लाइन के हवाले कर दिया गया।