पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में जनपद के चकिया, चंदौली व बरहनी ब्लाक में शनिवार को सुबह सात बजे से पांच बजे तक मतदान होगा।
जिनमें जिला पंचायत सदस्य की 11 सीटें व क्षेत्र पंचायत सदस्य की 287 सीटें शामिल हैं।
मतदाताओं की सुविधा के लिए 289 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिन पर कुल
397287 मतदाता वोट डालेंगे। इसे देखते हुए पुलिस व प्रशासन की ओर से
सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
चुनावी गतिविधियों पर नजर रखने के
लिए तैनात सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में मतदान
केंद्रों का जायजा लेंगे।
इस संबंध में जिलाधिकारी सुरेंद्र
विक्रम ने बताया कि चंदौली, बरहनी व चकिया विकास खंडों में मतदान कराने के
लिए पोलिंग पार्टियों को भेज दिया गया है। प्रत्येक जोनल व सेक्टर
मजिस्टे्रटों से पोलिंग पार्टियों के प्रस्थान करने के रिपोर्ट भी मौके पर
ही प्राप्त की गई।
इसके बाद पोलिंग पार्टियों के मतदान स्थल पर पहुंचने की
पुष्टि की गई । डीएम ने कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि चुनाव
कोई हौवा नहीं है, जिससे घबड़ाया जाय, बल्कि पूरे मनोबल व समर्पण भाव से
इसे संपन्न कराएं। कहा कि निर्वाचन में विघ्न डालने वाले, मतपेटिकाओं के
साथ खिलवाड़ करने, मतदाताओं को डराने-धमकाने की कोशिश पर उनके मंसूबों को
नाकाम किया जायेगा।
जिसके लिए मतदान केन्द्रों/मतदेय स्थलों पर पुलिस बल की
तैनाती की गयी है। इसके साथ ही स्वयं पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधिकारियों
द्वारा व्यापक भ्रमण भी जारी रहेगा।
यदि 200 मीटर परिधि के अंदर मतदाता के
अतिरिक्त कोई भी दिखायी देगा तो उसे जेल भेजा जाएगा। पीठासीन अधिकारी इसे
सुनिश्चित कर लें, साथ ही मतदान केन्द्र पर किसी भी प्रत्याशी का पोस्टर,
बैनर नहीं लगा होना चाहिए। वोटरों का आह्वान किया कि वे कतारबद्ध होकर अपने
मताधिकार का प्रयोग करें।
और कोई डराता-धमकाता है तो उपस्थित अधिकारियों को तत्काल अवगत करायें।