नगर स्थित एक लान में थ्री ह्वीलर नंबर टेकर के लिए हो रहे चुनाव में भाग न
ले पाने से नाराज लोगों ने बुधवार को मतदान स्थल के बाहर खड़े होकर जमकर
विरोध-प्रदर्शन किया।
जिसके चलते मतदान स्थगित हो गया। विरोध-प्रदर्शित कर रहे लोगों ने मतदान अधिकारी पर पक्षपात करने का आरोप लगाया।
गौरतलब
है कि बुधवार को नगर में थ्री ह्वीलर के नंबर टेकर के लिए चुनाव हुआ।
जिसमें कुल नौ प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे थे। एक प्रत्याशी द्वारा बिना फार्म
भरे लोगों को भी मतदान में शामिल करने के लिए दबाव बनाया जाने लगा। जिसकी
वजह से अन्य प्रत्याशियों से उसका विवाद हो गया।
स्थिति बिगड़ते देख मतदान
अधिकारी ने मतदान को स्थगित कर दिया। मतदान में 295 चालकों व 73 वाहन
स्वामियों को मिलाकर कुल 368 लोगों को मतदान में शामिल होना था। काफी
संख्या में ड्राइविंग लाइसेंस होने के बावजूद लोगों को फार्म न भर सकने के
चलते मतदान में शामिल नहीं होने दिया गया।
विरोध प्रदर्शित कर रहे लोगों का
कहना रहा कि हम सभी के पास ड्राइविंग लाइसेंस है, जो हमें मतदान में शामिल
होने का हक प्रदान करता है। कहा कि हम सभी को फार्म न भर सकने के चलते
मतदान में भाग लेने से वंचित किया जा रहा है। जबकि सच्चाई यह है कि फार्म
भरने के लिए काफी कम समय दिया गया। जिसकी वजह से काफी लोग फार्म नहीं भर
पाए।
कहा कि कुछ लोगों के दबाव में आकर मतदान अधिकारी द्वारा पक्षपात किया
जा रहा है। वहीं मतदान अधिकारी का कहना है कि मतदान में भाग लेने के लिए
फार्म भरना जरूरी है। जिन लोगों ने फार्म भरा था, वे ही मतदान में शामिल
होंगे। जबकि जानकारी होने के बाद भी जिन लोगों ने फार्म नहीं भरा था
नियमानुसार वे मतदान में शामिल होने के हकदार नहीं हैं।
प्रदर्शन करने
वालों में धर्मेश कुमार, मो. शाहिल, मो. इरफान, सुहेल, अमरदेव, चंदन यादव,
अनंत नारायण शर्मा मो. इस्लाम, जनार्दन, राजकुमार, गोपी, मोइन, कुर्बान
अली आदि रहे।