प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोंड ने शनिवार को परिवहन विभाग के अधिकारियों की कथित वसूली के प्लान की वायरल ऑडियो के जांच कराने के निर्देश जिलाधिकारी को दिए। उन्होंने कहा कि मामले में विभाग के अधिकारियों की संलिप्तता हुई तो निश्चित रूप से कार्रवाई होगी। प्रभारी मंत्री शनिवार को जिला चिकित्सालय में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।वाहनों से वसूली और भ्रष्टाचार के मामले में जिले के दो एआरटीओ पहले भी निलंबित हो चुके हैं। करीब 10 दिन पूर्व एक ऑडियो वायरल हुआ, जिसमें कुछ लोग चंदौली में वसूली बढ़ाने की बात कर रहे हैं। यह वीडियो परिवहन विभाग के अधिकारियों का बताया जा रहा है। शनिवार को इसी पर प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोंड से सवाल पूछा तो कहा कि मामला मेरे संज्ञान में अभी आया है। इसकी जांच जिलाधिकारी करेंगे। कोई दोषी मिलता है तो निश्चित रूप से कार्रवाई होगी।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार आखिरी व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए काम कर रही है और पहुंचा भी रही है। गोदाम में दो वर्षों से पड़े काले धान के सवाल पर कहा कि इस संदर्भ में अधिकारियों से बात हुई है। अगली बार आने से पहले इसका निस्तारण हो गया होगा। उन्होंने चिकित्सालय में आईसीयू सेवा बहाल करने, रोडवेज बसों के लिए बस अड्डा की जमीन चिह्नित करने और तालाब में गंदगी फैला रहे लोगों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने की बात कही।
-
रिपोर्टअमरेंद्र पांडेय