नौगढ़। साहब, आजादी के सात दशक बाद भी हमारे गांव को बिजली, पानी, सड़क की सुविधा नहीं मिली। हम मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं।
स्थानीय तहसील पर शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में औरवाटांड गांव के लोगों ने डीएम को अपनी पीड़ा सुनाई। डीएम ने समस्याओं का समाधान कराने का वादा किया। वहीं, जिले भर में 295 शिकायतें आईं, जिनमें सिर्फ 18 का समाधान हो पाया।
नौगढ़ तहसील में डीएम निखिल टीकाराम फुंडे और एसपी आदित्य लांग्हे ने समस्याएं सुनाई। इसी दौरान औरवाटांड गांव के लोग पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद डीएम बाहर आए तो ग्रामीणों ने बताया कि औरवाटाड़ मौजा में आज भी मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं।
300 की आबादी वाले गांव में न तो बिजली पहुंची है और न सड़क है। पेयजल तक के लिए लोग तरस रहे हैं। डीएम को ज्ञापन सौंपने वालों में नीता, श्यामराजी, कलावती, आशा, कन्हैया, रामसूरत आदि रहे। इस दौरान एसडीएम कुंदनराज कपूर भी मौजूद थे। यहां 89 शिकायतें आईं, जिनमें से पांच का समाधान किया गया।
चंदौली तहसील में एडीएम सुरेंद्र सिंह ने शिकायतें सुनीं। यहां 32 शिकायतें आईं, जिनमें से दो का समाधान किया गया। सकलडीहा में एसडीएम अनुपम मिश्रा के नेतृत्व में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ। यहां 61 शिकायतें आईं और 5 का समाधान हो पाया। इस मौके पर सीओ रघुराज, तहसीलदार अजीत सिंह, बीडीओ विजय कुमार सिंह, बीईओ अवधेश कुमार राय आदि मौजूद रहे।
चकिया में एसडीएम दिव्या ओझा ने शिकायतें सुनीं। यहां 50 मामले आए, जिनमें से चार का समाधान किया गया। खाद की किल्लत, धान खरीद, आवास और जमीन विवाद की शिकायतें ज्यादा आईं। इस दौरान तहसीलदार सुरेशचंद्र शुक्ला, ईओ संतोष कुमार चौधरी आदि मौजूद रहे।