चहनियां। चहनियां विद्युत उपकेंद्र पर आधारित टांडाकला गांव में सौ केवीए का ट्रांसफार्मर जलने से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को ट्रांसफार्मर के समीप खड़े होकर प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो ग्रामीण उपकेंद्र का घेराव करेंगे।
टांडाकला गांव में सो केवीए के ट्रांसफार्मर से इलाके में बिजली आपूर्ति होती है। अत्यधिक लोड होने की वजह से आए दिन ट्रांसफार्मर जल जाता है। पिछले एक माह में 100 केवीए का ट्रांसफार्मर पांचवीं बार जला है। ग्रामीणों के अनुसार यहां 220 केवीए के ट्रांसफार्मर को लगाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। यही नहीं इलाके में खुले तारों से बिजली आपूर्ति की जाती है जबकि केबल लगाने का प्रस्ताव बन चुका है। धन आवंटित होने के बाद भी अब तक तारों को नहीं बदला गया। इससे इलाके में बिजली चोरी भी हो रही है। चेतावनी दी कि यदि जल्द ही खुले तारों को हटाकर केबल नहीं लगाया गया और ट्रांसफार्मर की क्षमता नहीं बढ़ाई गई तो आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में अजय मिश्र, डॉ. गुड्डू गुप्ता, राजमणि पांडेय, पुथु खान, राजेश जायसवाल, बंधु जायसवाल रहे। वहीं जेई अजय पटेल ने कहा कि तारों को बदलकर केबल लगाने का काम जारी है। अधिक बोझ की वजह से ट्रांसफार्मर जल जा रहा है।