धानापुर के धरांव में प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद
- फोटो : जगदीशपुर में खड़ी दुर्घटनाग्रस्त एसयूवी।
धानापुर क्षेत्र के धरांव गांव में तालाब किनारे बने संकरे रास्ते के कारण युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम प्रधान पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
गांव स्थित इमरती तालाब के किनारे बने संकरे रास्ते से गुजरते समय गांव के यूसुफ (17) की दो दिन पूर्व तालाब में डूबने से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि तालाब के किनारे का रास्ता अत्यंत संकरा होने से आए दिन हादसे होते रहते हैं। दो वर्ष पूर्व रास्ते के चौड़ीकरण की मांग ग्राम प्रधान से की गई थी लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब के किनारे के रास्ते का चौड़ीकरण कर बाउंड्रीवाॅल बनाने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में बीडीओ विजय कुमार ने कहा कि तालाब के किनारे बाउंड्रीवाॅल और सड़क निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू कराई जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में रामकिशुन, धनंजय मौर्य, शमशाद, राजू, बाबूलाल राय, आरिफ अमीन आदि रहे।