इलिया। स्थानीय कस्बा के उत्तरी मोहल्ले में पानी निकासी की व्यवस्था नहोने गली में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। जिसके चलते लोगों को अपने घर तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इससे नाराज होकर ग्रामीणों ने शनिवार को अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। चेताया कि गली से पानी निकासी की व्यवस्था शीघ्र ही नहीं की गई तो ग्रामीण आंदोलन करने को विवश होंगे।
शहाबगंज विकासखंड क्षेत्र की इलिया सबसे बड़ी ग्राम पंचायत है। बावजूद इसके यहां सुविधाओं का टोटा है। गांव की अधिकतर गलियों में नाली का निर्माण नहीं होने के कारण लोगों के घरों का गंदा पानी गलियों में बहता रहता है। बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक दयनीय हो जाती है। दो दिनों से हुई बारिश के चलते गांव के उत्तरी मोहल्ले की गलियों में पानी भर गया है। लोगों को अपने घरों तक पहुंचने में पानी और कीचड़ के बीच से होकर जाने को विवश है। वहीं जलभराव के कारण संक्रामक रोगों के उत्पन्न होने का खतरा बढ़ गया है। इन व्यवस्थाओं से नाराज ग्रामीणों ने एकलाख जिद्दी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया व अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पानी निकासी के लिए नाली बनाए जाने के बाबत ग्राम प्रधान, ब्लॉक केअधिकारियों तथा तहसील प्रशासन से शिकायत कर प्रार्थना पत्र भी दिया गया लेकिन अब तक नाली का निर्माण नहीं हो सका है। इस दौरान विनोद गुप्ता, बसावन गुप्ता, हिसामुद्दीन, विशाल गुप्ता,शहाबुद्दीन, बुल्लू, मंसूरी, सुरेंद्र गुप्ता समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।