पटेहरा कला ब्लाॅक के पिउरी स्थित कंपोजिट विद्यालय में बच्चों से झाड़ू लगवाने, अनाज की बोरियां ढुलवाने और मिड डे मील बनाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। तुलसीदास पटेल के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के नाम संबोधित प्रार्थना पत्र देकर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में आर्थिक रुप से कमजोर परिवारों के बच्चे पढ़ते हैं। उनसे विद्यालय के कमरों में झाड़ू लगवाने और सामान ढुलवाने का काम कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार बेसिक शिक्षा अधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। समाजवादी पार्टी के नेता रोहित शुक्ला उर्फ लल्लू ने कहा कि अभिभावकों ने विद्यालय में बच्चों से काम कराने की शिकायत की है। बाल अधिकारों के हनन के मामले में जिम्मेदार प्रधानाध्यापक और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। चेरुईराम प्राथमिक विद्यालय पर सड़क बनवाने के लिए बच्चों के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया गया था। प्रशासन ने समस्या के समाधान के बजाय प्राथमिकी करा दी। अभिभावक तुलसीदास पटेल ने आरोप लगाया कि बच्चों से कमरों की सफाई कराने के साथ ही मिड डे मील का सामान और बोरियां उतरवाई जाती हैं। सिटी ब्लाक के चेरुईराम विद्यालय में रास्ते को लेकर प्रदर्शन मामले में अध्यापक द्वारा सपा नेता पर प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद अब सपा नेता ने दूसरे विद्यालय अध्यापक के खिलाफ प्रदर्शन कर प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है।