नौगढ़ के जयमोहनी रेंज के सामने प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद
जयमोहनी रेंज के बोझ गांव में वनकर्मियों ने वन भूमि पर अवैध निर्माण करने वाले व्यक्ति को पकड़ा। इससे नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को रेंजर कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की कार्रवाई पक्षपातपूर्ण है और केवल गरीबों को निशाना बनाया जा रहा है।
मंगलवार को वन विभाग को सूचना मिली कि बोझ गांव निवासी दालसिंगार पनिका वन भूमि पर मकान निर्माण करा रहे थे। सूचना पर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे पकड़कर जयमोहनी रेंज कार्यालय ले आई।
इस कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार शाम से ही विरोध शुरू कर दिया। बुधवार सुबह सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण रेंजर कार्यालय के सामने इकट्ठा होकर नारेबाजी करने लगे।
ग्रामीणों का कहना था कि वर्षों से वे उस भूमि पर रह रहे हैं, लेकिन विभाग केवल गरीबों पर कार्रवाई करता है। आरोप लगाया कि वन भूमि पर कब्जा किए बैठे माफिया किस्म के लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं होती।
थानाध्यक्ष सुरेंद्र यादव अपने टीम के साथ मौक़े पर पहुंचे व प्रमुख प्रतिनिधि सुजीत सिंह सूडुडू ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। इसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ।
जयमोहनी रेंजर अखिलेश दुबे ने बताया कि वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संवाद