धानापुर। विकासखंड के श्रीकांतपुर, डेढ़वलिया व पांड़ेयपुर मिल्की सहित आवाजापुर गांव के ग्रामीण एक सप्ताह से डायरिया से पीड़ित हैं। इन गांवों में मरीजों की संख्या घटने की बजाए प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही है जिससे लोगों में भय समाता जा रहा है। इसके बाद भी जिले का स्वास्थ्य विभाग इस ओर से उदासीन बना हुआ है। गांव में ओआरएस व कुछ दवाइयां बांटने के अलावा विभाग ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
क्षेत्र के श्रीकांतपुर निवासी संजय व धनंजय खरवार की पत्नियां, उमेश पटेल की पुत्री सहित डेढ़वलिया निवासी महेंद्र तिवारी का पुत्र काजू तिवारी व रंजीत गोंड़ की माता की तबियत बिगड़नें पर परिजनों ने सुबह धानापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती किया। इलाज के बाद शाम तक लोग घर वापस लौट गए। इसी बीच सात वर्षीय काजू तिवारी की तबियत फिर बिगड़ गई। परिजनों ने गंभीर हालत में उसे पीडीडीयू नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में लगातार प्रयास के बावजूद डायरिया पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है।