चंदौली। झांसी गांव में बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े एक घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम देने का प्रयास किया गया। हालांकि आरोपी अपने प्रयास में सफल नहीं हो पाए। ग्रामीणों ने घर में घुसे आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया और एक व्यक्ति को घर में घुसकर चोरी करने का आरोप में पकड़कर मारने-पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। तीन आरोपी मौके से भाग गए। मारपीट कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसका इलाज चल रहा है।
झांसी गांव निवासी सतेंद्र विश्वकर्मा कटसिला स्थित एक पेट्रोल पंप पर ऑपरेटर का काम करते हैं। वे झांसी गांव स्थित नेशनल हाईवे के समीप अपना मकान बनवाकर पत्नी व बच्चों के साथ रहते हैं। प्रतिदिन की तरफ सुबह वे बच्चों को स्कूल छोड़कर अपने काम पर चले गए। उनकी पत्नी घर का काम कर कमरे में आराम करने चली गईं। इस बीच दोपहर में कुछ लोग घर में घुस गए और चोरी का प्रयास करने लगे। भनक लगने सतेंद्र की पत्नी शोर मचाने लगीं। उधर, शोर सुन आस-पास के ग्रामीण पहुंच गए और घर में घुसे एक आरोपी धर्मेंद्र कुमार को पकड़ लिया, जबकि तीन लोग भाग गए। ग्रामीणों ने पकड़े गए व्यक्ति को मारपीटकर पुलिस के हवाले कर दिया। थाना प्रभारी दुर्गेश यादव ने बताया कि झांसी गांव में ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस चोरी करने के आरोप में एक व्यक्ति को पकड़कर कोतवाली ले आई। आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उससे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।