क्षेत्र स्थित गंगा घाट पर मुफ्त नाव का संचालन सुबह देरी से शुरू होने के कारण यात्रियों, स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे नाराज ग्रामीणों ने नाव का संचालन सुबह छह बजे से शुरू कराने की मांग की है।
हर वर्ष की तरह इस बार भी बरसात के मौसम को देखते हुए 15 जून से 15 नवंबर तक पीपा पुल हटा दिया गया है। आम जनता की सुविधा के लिए सरकार की ओर से मुफ्त नाव का संचालन शुरू किया गया है। घाट दरोगा दीना सिंह के अनुसार, नियमानुसार नाव का संचालन सूर्योदय से सूर्यास्त तक होना चाहिए, जबकि वर्तमान में नाव सुबह 6:30 बजे से चल रही है। इस देरी के कारण वाराणसी के स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की सुबह की बस छूट जाती है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
वहीं वाराणसी जाकर नौकरी करने वाले लोगों को भी समय पर कार्यालय पहुंचने में दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जिनके पास निजी वाहन हैं, उन्हें मजबूरी में लंबा रास्ता तय कर वाराणसी जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों का नुकसान होता है।
समस्या से जूझ रहे आशुतोष पांडेय, घनश्याम पांडेय, गोलू पांडेय, मोनू जायसवाल, सिक्कू जायसवाल, चंदन जायसवाल और पीयूष जायसवाल ने सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि मुफ्त नाव का संचालन सुबह 6:30 बजे के बजाय छह बजे से सुनिश्चित कराया जाए।