चंदौली। सदर कोतवाली में बृहस्पतिवार को उस समय असहज स्थिति उत्पन्न हो गई जब ग्राम प्रधानों व पुलिस कर्मियों में तू तू मैं मैं होने लगी। ग्राम प्रधानों का आरोप कि इंसपेक्टर ने प्रधानों को जेल भेजने की धमकी दी। इससे भयभीत ग्राम प्रधान कोतवाली में ही धरने पर बैठ गए। शाम को एएसपी ऑपरेशन अनिल यादव के समझाने के बाद प्रधानों ने धरना समाप्त किया।
सदर कोतवाली के एक गांव में मनबढ़ युवक एक किशोरी से बार-बार छेड़खानी करता आ रहा था। प्रधानों का आरोप कि शिकायत के बाद भी पुलिस आरोपित के खिलाफ करवाई नहीं कर रही थी। मामले को लेकर बृहस्पतिवार को लगभग एक दर्जन से अधिक ग्राम प्रधान लामबंद होकर कोतवाली पहुंचे। प्रधानों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करते हुए इंस्पेक्टर से कार्रवाई न करने पर पूछा तो ग्राम प्रधानों का आरोप कि इंस्पेक्टर बदसलूकी पर उतारू हो गए। इससे नाराज प्रधान धरने पर बैठ गए। ग्राम प्रधान इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। कोतवाली पहुंचे एएसपी ऑपरेशन ने ग्राम प्रधानों को समझाकर धरना समाप्त कराया। इस दौरान सदलपुरा प्रधान विवेक सिंह, बर्थरा दिलीप सिंह टुनटुन, धरहरा अमित सिंह, अनिता, रामअशीष , संतोष, रामसूरत राजभर, अर्जुन, जेपी, गुलाब मौर्या, मनीष, बिमलेश यादव सहित अन्य ग्राम प्रधान शामिल थे।
-
कोट-
छेड़खानी के मामले में आरोपित युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है, पीड़िता को न्याय मिलेगा। ग्राम प्रधानों का धरना प्रायोजित था। -राजेश सिंह, प्रभारी निरीक्षक थाना सदर