लखनऊ में कलानी के प्रधान मुन्ना भास्कर को सम्मानित करते कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर। स्रोत:-स्वयं
विश्व बाल श्रम निषेध दिवस पर शहाबगंज विकासखंड के कलानी गांव के ग्राम प्रधान मुन्ना भास्कर को बाल श्रम उन्मूलन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए लखनऊ में सम्मानित किया गया। बाल श्रम मुक्त गांव बनाने में उनकी सक्रिय भूमिका और जनजागरूकता अभियान के सफल संचालन को देखते हुए प्रदेश के श्रम मंत्री अनिल राजभर ने उन्हें प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। बच्चों को विद्यालय से जोड़ने, अभिभावकों को शिक्षित करने व बाल श्रम के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया। सम्मान प्राप्त करने के बाद ग्राम प्रधान मुन्ना भास्कर ने कहा कि यह सम्मान पूरे गांव और ग्राम पंचायत के लोगों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी बच्चों के अधिकारों की रक्षा और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। ग्राम प्रधान के सम्मानित होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में हर्ष व्याप्त हो गया।
सराहनीय कार्य पर ग्राम प्रधान सम्मानित : धानापुर। विश्व बाल श्रम निषेध दिवस पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ के मार्स ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रहलादपुर के ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह ‘मिंटू’ को बाल श्रम मुक्त अभियान के तहत उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनील राजभर व आईएएस अधिकारी सौम्या पांडेय ने उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह ने कहा कि बच्चों को शिक्षा से जोड़ना और उन्हें बाल श्रम से मुक्त कर बेहतर भविष्य प्रदान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। संवाद