चंदौली। जिले के अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर का स्थानांतरण कर दिया गया है। उन्हें जौनपुर नगर के एसपी के पद पर तैनाती दी गई है। वहीं, एएसपी पीलीभीत विक्रम दहिया को चंदौली का नया एएसपी बनाया गया है। शासन स्तर से 34 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया गया है।
नए एएसपी विक्रम दहिया के सामने चंदौली में क्राइम कंट्रोल और तस्करी रोकने की चुनौती होगी। हरियाणा के करनाल निवासी दहिया 2020 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं।
एनआईटी भोपाल से बीटेक और आईआईएम रोहतक से एमबीए करने के बाद उन्हें लंदन की एक कंपनी में करीब 19 लाख रुपये सालाना पैकेज पर नौकरी मिली थी। बाद में मुंबई की एक कंपनी में 37 लाख रुपये सालाना पैकेज पर रीजनल सेल्स मैनेजर के रूप में काम किया। इसके बाद नौकरी छोड़कर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी में जुट गए और आईपीएस बन गए।
ट्रेनिंग के बाद बरेली में तैनाती के दौरान विक्रम दहिया के सामने चार साल की बच्ची की हत्या का खुलासा किया था। वहीं, पीलीभीत में 2.90 लाख की जाली करेंसी बरामद करने के साथ कई मामलों का खुलासा कर चर्चा में आए थे।