पीडीडीयू नगर खुद बिना मास्क के और दूसरों को मास्क लगाने की नसीहत दे रहे जिले के प्रभारी मंत्री और प्रदेश के ऊर्जा और ऊर्जा स्त्रोत मंत्री रमाशंकर सिंह पटेल का वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहा है। पूर्व आईपीएस अभिताभ ठाकुर ने भी वीडियो को ट्वीट करते हुए लिखा है-‘स्वयं बिना मास्क पहने ही मास्क न पहनने की लापरवाही को बताते यूपी के मंत्री रमाशंकर पटेल, क्या बात है’।
प्रदेश के राज्य मंत्री और चंदौली के प्रभारी मंत्री रमाशंकर सिंह पटेल रविवार को चकिया सभागार में आयोजित मेडिकल किट वितरण कार्यक्रम के शुभारंभ के दौरान मौजूद थे। उनके साथ चंदौली के जिलाधिकारी संजीव सिंह, सीडीओ अजीतेंद्र नारायण सिंह सहित अन्य अधिकारी और नेतागण भी मौजूद थे। उनके संबोधन के दौरान का वीडियो सोमवार को खूब वायरल हुआ जिसमें वे कह रहे हैं कि-‘बीच में लोग मास्क लगाना छोड़ दिए, जो लापरवाही है।’ यह बोलते समय प्रभारी मंत्री खुद भी मास्क नहीं लगाए थे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पूर्व आईपीएस अभिताभ ठाकुर ने भी इसे ट्वीट किया है।