चकिया। स्थानीय बस्बे में स्थित आदित्य नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस के मंच पर एक छात्र से उठक-बैठक कराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। छात्र ने प्रधानाचार्य पर डंडे से पिटाई करने और अपमानित करने का आरोप लगाया है। पीड़ित छात्र ने चकिया थाने में प्रधानाचार्य के खिलाफ तहरीर दी है।
वायरल वीडियो में एक छात्र विद्यालय परिसर में बने मंच पर उठक-बैठक करता दिखाई दे रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम के दौरान का है। स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के कार्यक्रम में छात्र उठक-बैठक कराने का वीडियो सामने आने से विद्यालय में अनुशासन और छात्रों के साथ व्यवहार को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि वायरल वीडियो और छात्र के आरोप कितने सही हैं।
ड्रेस नहीं बनी तो भड़के प्रधानाचार्य
पीड़ित छात्र रोहित मौर्य ने आरोप लगाया कि उसका विद्यालय में नया प्रवेश हुआ है। इस कारण उसकी ड्रेस अभी तैयार नहीं हो सकी थी। उसने ड्रेस सिलने के लिए दी थी। छात्र का आरोप है कि दूसरी ड्रेस में विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य नाराज हो गए। उन्होंने उसे डंडे से पीटा और मंच पर सभी विद्यार्थियों के सामने उठक-बैठक कराई।
प्रधानाचार्य बोले, वीडियो की जानकारी नहीं
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश यादव ने वायरल वीडियो के संबंध में कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है कि वीडियो कब का और कहां का है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार और शिष्टाचार की शिक्षा देना शिक्षकों का दायित्व है। यदि कोई छात्र विद्यालय के नियमों के विपरीत कार्य करता है तो उसे सुधारात्मक दृष्टि से समझाया जाता है।
-
पुलिस बोली, जांच के बाद होगी कार्रवाई
चकिया थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि छात्र ने प्रधानाचार्य के खिलाफ तहरीर दी गई है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। वहीं, जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।