शिकारगंज। चकिया थाना क्षेत्र के कुसुम्हा गांव में भाई-भाई के बीच जमीन बंटवारे का विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट होने लगी। मारपीट से जुड़े एक महिला के साथ की गई अमानवीय हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्ष के सात लोगों पर शांति भंग की कार्रवाई की है। साथ ही वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी श्रीराम मौर्य और लाल बहादुर मौर्य सगे भाई हैं। दोनों के बीच पैतृक भूमि के बंटवारे का विवाद लंबे समय से एसडीएम न्यायालय में विचाराधीन है। इसी विवाद में बुधवार को दोनों पक्ष खेत पर पहुंचे, जहां मामला झगड़े के बाद हाथापाई में बदल गया। इस घटना में लाल बहादुर पक्ष के लोगों का श्रीराम मौर्य की पत्नी का बाल पकड़कर खेत में घसीटते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोगों के हाथों में लाठी-डंडे दिख रहे हैं। घटना की सूचना और वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्ष की तहरीर के आधार पर शांति भंग की कार्रवाई की है। कोतवाल अतुल प्रजापति ने बताया कि एक पक्ष के चार और दूसरे पक्ष के तीन लोगों पर शांति भंग के आरोप में कार्रवाई की गई है। वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। यदि वीडियो की पुष्टि होती है, तो संबंधित के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।