हादसे की तेज आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी अस्पताल तथा घटनास्थल पर जुट गए।
घटना से नाराज परिजनों ने सोमवार सुबह करीब छह बजे शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। उनका आरोप था कि तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। सूचना पर फूलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे।
बाद में एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों को नियमानुसार कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाने तथा हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल बोलेरो पिकअप को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।