दिवाली पर आतिशबाजी और तेज रफ्तार की लापरवाही भारी पड़ गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 72 घंटे में शहर के विभिन्न सरकारी व निजी अस्पतालों की इमरजेंसी में 500 से अधिक मरीज पहुंचे। सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वाले और पटाखों से झुलसने वाले लोगों की संख्या सबसे अधिक रही।
कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल, पं. दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल, रामनगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) अस्पताल, बीएचयू ट्रॉमा सेंटर और जिले के 64 प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों समेत निजी अस्पतालों की इमरजेंसी में रात में लगातार मरीजों का दबाव बना रहा।
आंकड़ों के अनुसार, तीन दिनों में सड़क दुर्घटनाओं के कारण 287 लोगों को हाथ-पैर में फ्रैक्चर और गंभीर चोटें आईं। इनमें 50 से अधिक लोगों की उंगली फ्रैक्चर होने की भी शिकायत आई।
चिकित्सकों के मुताबिक, अधिकांश मामले शराब पीकर तेज रफ्तार में वाहन चलाने (ड्रिंक एंड ड्राइव) के थे। लापरवाही और अनियंत्रित गति के कारण हादसों में कई युवाओं को अपनी हड्डियां तुड़वानी पड़ीं। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को ट्रॉमा केयर यूनिट में शिफ्ट किया गया।
आतिशबाजी के दौरान बरती गई असावधानी के कारण 64 लोग झुलसकर इमरजेंसी वार्ड पहुंचे। 30 फीसदी मामलों में पटाखे से हाथ जल गए थे। कई लोगों की उंगलियां और चेहरा पटाखों की चिंगारी व धमाके से प्रभावित हुए थे।
डॉक्टरों ने 60 मरीजों को प्राथमिक मरहम-पट्टी और उपचार के बाद छुट्टी दे दी, जबकि मंडलीय और जिला अस्पताल में चार मरीजों को चिकित्सकों की निगरानी में बर्न वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। छह घंटे तक निगरानी के बाद मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया।