चहनिया। क्षेत्र के रईया स्थित प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात प्राधिकरण (एपीडा) की ओर से डीएम नवनीत सिंह चहल की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें किसानों को उत्तम किस्म की शाक-सब्जी को पैदा करने के तरीकों व रासायनिक,जैविक खाद व उचित दवाओं का प्रयोग कर उत्पादन में बढोत्तरी का प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम जिला उद्यान अधिकारी की देखरेख में संपन्न हुआ।
डीएम ने कहा कि कृषि वैज्ञानिकों व अधिकारियों के सुझाव व प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी के साथ किसान भाई समय से सब्जियां लगाएं। सब्जियों की फसल में समय से रासायनिक व जैविक खाद और कीटनाशक का प्रयोग करें ताकि उन्हें दोगुनी पैदावार मिले। किसान शाक-सब्जी का निर्यात कर अपनी आमदनी भी बढ़ा सकते हैं। कहा कि यह क्षेत्र मिर्च सहित अन्य सब्जियों की खेती के लिए जाना जाता है। कार्यक्रम में सीबी सिंह, मुन्ना यादव, एसपी सिंह, समीर कुमार, राजेश शर्मा, बी गौतम, पीके शर्मा आदि कृषि वैज्ञानिकों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर जामवंत सिंह, ओमप्रकाश यादव, रामलाल मौर्या, भगवंत, रामाश्रय मौर्या, सियाराम यादव, रविशंकर यादव मौजूद रहे।