यूरिया की मांग को देखते हुए रविवार के दिन भी जिला प्रशासन ने इफ्को किसान सेवा केंद्र पर खाद का वितरण कराया।
इस
दौरान इफ्को केंद्र पर किसानों की जबर्दस्त भीड़ मौजूद रही। देर शाम तक
किसानों के बीच लगभग 3000 बोरी यूरिया बांटी गई। इस दौरान भीड़ को
नियंत्रित करने के लिए पुलिस व पीएसी बल तैनात रही। साथ ही किसानों की
सुविधा के लिए दो काउंटर बनाए गए थे।
गौरतलब है कि इन दिनों
यूरिया के लिए जनपद में काफी मारामारी चल रही है।
इफ्को किसान सेवा केंद्र
पर प्रतिदिन उमड़ रही किसानों की भारी भीड़ के मद्देनजर जिला प्रशासन की ओर
से रविवार को भी खाद बांटी गई। इफ्को केंद्र पर वितरण की जानकारी होने पर
क्षेत्रीय किसान भारी संख्या में पहुंचे और कतारबद्ध होकर खाद ली।
एक ओर
जहां पुरुष खाद के लिए कतार में खड़े होकर धक्का खा रहे थे।
इस दौरान
महिलाएं भी खाद के लिए जद्दोजहद करती हुई नजर आईं। किसानों की सुविधा के
मद्देनजर पीसीएफ की ओर से दो काउंटर बनाया गया था।
इस दौरान सुरक्षा व
शांति बनाए रखने के लिए पुलिस व पीएसी के जवान मुस्तैद रहे। दूसरी तरफ इस
संबंध में पीसीएफ प्रबंधक अंकुर कंचन ने बताया कि किसानों की मांग को देखते
हुए दो काउंटर से तीन हजार बोरी खाद बांटी गई है।
उधर जिलाधिकारी एनके
सिंह ने किसानों से अपील की है कि 18382 बोरी यूरिया जनपद को मिली है।
किसानों को उर्वरक की कमी नहीं होने दी जाएगी।