पीडीडीयू नगर। यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षा से जुड़ी कॉपियों को अब एक साल तक सुरक्षित रखा जाएगा। माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ने जिले के सभी इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। जरूरत पड़ने पर विद्यालयों को ये कॉपियां उपलब्ध करानी होंगी।
जिले में प्रयोगात्मक परीक्षा का दूसरा चरण 2 फरवरी से 9 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जाएंगी। नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सचल दलों की भी तैनाती की जाएगी, जो परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे।
इंटरमीडिएट स्तर पर भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, कंप्यूटर और गृह विज्ञान सहित अन्य विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं होती हैं। इन परीक्षाओं में छात्र-छात्राओं को प्रैक्टिकल के साथ-साथ उत्तर पुस्तिकाएं (कॉपी) भी लिखनी होती हैं। यह कॉपियां विद्यालय स्तर से उपलब्ध कराई जाती हैं, जिन्हें अब परीक्षा के बाद एक वर्ष तक सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्देशानुसार सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देश विद्यालयों को स्पष्ट रूप से अवगत करा दिए गए हैं, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारू, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जा सके।