यूपी बोर्ड परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। 18 मार्च से शुरू हुए इस अभियान में शिक्षकों द्वारा कॉपियों की जांच की जा रही है। इंटरमीडिएट में आवंटित 65,450 कॉपियों में से 61,690 कॉपियां मूल्यांकन केंद्रों पर प्राप्त हुई थीं। इनमें से 52,387 कॉपियों की जांच पूरी हो चुकी है।
वहीं, हाईस्कूल में आवंटित 1,63,092 कॉपियों के सापेक्ष 1,54,067 कॉपियां प्राप्त हुईं और 1,47,426 कॉपियों का मूल्यांकन किया जा चुका है। मूल्यांकन कार्य पूर्ण होने में अब मात्र तीन दिन शेष हैं। रविवार को महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की कॉपियों के मूल्यांकन के लिए आवंटित 361 शिक्षकों में से 160 शिक्षक उपस्थित रहे।
इन्होंने 6,318 कॉपियों की जांच की। यहां अब 9,303 कॉपियों का मूल्यांकन शेष है। इसी प्रकार हाईस्कूल के लिए आदित्य नारायण इंटर कॉलेज में आवंटित 496 शिक्षकों में से 275 शिक्षक उपस्थित रहे जिन्होंने 12,018 कॉपियों का मूल्यांकन किया। यहां 4,910 कॉपियों का मूल्यांकन बाकी है। संवाद