UP Accident News: उत्तर प्रदेश के चंदौली में राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब तेज रफ्तार ट्रक झोपड़ी के ऊपर पलट गया। गिट्टी के नीचे दबकर अधेड़ महिला की माैत हो गई। बाहर उसका पति काम कर रहा था, नहीं तो हादसा और बड़ा हो सकता था।
Road Accident in Chandauli: सैयदराजा-जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर रविवार की भोर में कोदई गांव के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। गिट्टी से लदा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे बनी एक झोपड़ी पर पलट गया, जिससे उसमें बैठी महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, कोदई गांव निवासी राजकुमार बिंद अपने परिवार के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे झोपड़ी बनाकर रहते हैं। रविवार तड़के वह झोपड़ी के पास अपने पशुओं को चारा डाल रहे थे, जबकि उनकी पत्नी तेतरी देवी (50) झोपड़ी के अंदर बैठी थीं।
इसी दौरान गाजीपुर की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक, जो गिट्टी से लदा था, अचानक अनियंत्रित होकर सीधा झोपड़ी पर पलट गया। झोपड़ी में बैठी तेतरी देवी ट्रक और गिट्टी के नीचे दब गईं। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गिट्टी हटाकर महिला को निकालने की कोशिश करने लगे। लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही कंदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य में जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की लगातार बढ़ती आवाजाही पर नाराजगी जताई है और दुर्घटना रोकने के लिए उचित प्रबंधन की मांग की है।