पीडीडीयू नगर। मां आदिशक्ति के उपासना का महापर्व शारदीय नवरात्र में सिद्धपीठ मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए भक्तों को विंध्याचल पहुंचने में दिक्कत नहीं होगी। इसके लिए रेलवे की ओर से पटना से प्रयागराज के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी।
यह ट्रेन 22 सितंबर से 11 अक्तूबर तक चलेगी। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि बिहार से बड़ी संख्या में भक्त मां विंध्यवासिनी के दर्शन पूजन के लिए विंध्याचल पहुंचते हैं। ऐसे में एक्सप्रेस ट्रेनों से विंध्याचल पहुंचने में दिक्कत होती है। वहीं ट्रेनों में भी अत्यधिक भीड़ होती है। इसको देखते हुए रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। ट्रेन संख्या 04112 प्रयागराज से सुबह 11:15 बजे खुलेगी। यह ट्रेन 11:28 बजे नैनी, 11:50 मेजा रोड, 12:15 मांडा रोड, 12:37 विंध्याचल, 12:53 मिर्जापुर, चुनार 13:25 बजे जबकि 14:40 बजे पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी। संवाद