चंदौली/पीडीडीयू नगर। जिले के व्यापारियों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई डीएम संग हुई बैठक में औद्योगिक क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विकास की मांग की। जिला उद्योग बंधु और औद्योगिक व्यापारिक सुरक्षा फोरम की बैठक में उद्यमियों ने इंडस्ट्रीयल एरिया में निर्बाध बिजली आपूर्ति, सुरक्षा, नियमित साफ सफाई की मांग की। डीएम संजीव सिंह ने अधिकारियों को जिले में औद्योगिक माहौल को अनुकूल बनाए रखने के आवश्यक निर्देश दिए। कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। किसी भी उद्यमी को अनावश्यक परेशान न होना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
इस दौरान जिलाधिकारी संजीव सिंह ने कहा कि जनपद में औद्योगिक विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना शासन की प्राथमिकता में है। उद्यमियों की जो भी विषय या समस्याएं आएं उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित कराया जाय। औद्योगिक क्षेत्र एवं खाली स्थानों पर हुए अतिक्रमण के संबंध में यूपीसीडा के अधिकारी को निर्देश दिया कि परीक्षण कराकर अतिक्रमणकारियों को नोटिस भेजने के साथ ही त्वरित कार्रवाई करें। क्षेत्र को अतिक्रमण को तत्काल मुक्त कराएं। औद्योगिक क्षेत्र फेज-वन एवं फेज- दो में जब्त वाहनों के खड़े करने के प्रकरण पर एआरटीओ को खाली स्थान चिह्नित कर वैकल्पिक रूप से वाहनों को औद्योगिक क्षेत्र से हटाकर शिफ्ट कराने का निर्देश दिया। रामनगर औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों के विद्युत कनेक्शन पर अतिरिक्त सिक्योरिटी की मांग के संबंध में औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्य द्वारा समिति को अवगत कराया गया कि औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों से पूर्वांचल विद्युत निगम लिमिटेड द्वारा 45 दिनों के खपत का अतिरिक्त सिक्योरिटी की मांग की जा रही है। जबकि उद्यमियों द्वारा निर्धारित समय पर विद्युत बिल जमा किया जा रहा है। संबंधित प्रकरण को मंडलीय उद्योग बंधु में प्रेषित किए जाने का निर्देश जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को दिया, ताकि उचित फोरम से उद्यमी बंधुओं समुचित निस्तारण कराया जा सके। औद्योगिक क्षेत्र रामनगर फेज-दो के प्रवेश मार्ग के सामने स्थित अर्ध निर्मित सड़क को पूर्ण कराने के विषय में पीडब्ल्यूडी के अधिकारी को निर्देश दिया। 15 दिन के अंदर गुणवत्ता पूर्ण ढंग से सड़क निर्माण का कार्य पूर्ण करने को कहा। कहा कि समिति के समक्ष उद्यमियों द्वारा जो भी समस्याएं रखी जाती हैं प्रत्येक दशा में 15 दिन के अंदर इसका समुचित समाधान सुनिश्चित कराया जाए। इस दौरान जिला उपायुक्त उद्योग अधिकारी गौरव मिश्रा, विद्युत विभाग, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग के अधिकारीगण के अलावा चंद्रेश्वर जायसवाल, संतीश गुप्ता, पंकज बिजलानी, अजय राय रहे।
पीडीडीयू नगर। जिले का एकमात्र औद्योगिक क्षेत्र रामनगर में समस्याओं का अंबार है। हर बार मीटिंग होती है। यहां समस्याएं उठाई जाती है। समस्याओं के समाधान का आश्वासन मिलता है लेकिन हर बार मामला जस का तस रह जाता है।
रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में ढाई सौ से अधिक इकाइयां हैं। रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेज वन और टू में सबसे बड़ी समस्या साफ सफाई की है। नियमित साफ सफाई न होने से कूड़े का अंबार लगता है। इसी तरह सुरक्षा का मामला भी पुराना है। रामनगर इंडस्ट्रीयल एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्य ने कहा कि समस्याओं के समाधान में विलंब होता है। जबकि समस्याओं का समाधान जल्दी होना चाहिए।