सलखन। चोपन के मारकुंडी स्थित राजमार्ग पर बृहस्पतिवार की रात 10 बजे से खड़े कोयला लदे ट्रक में पीछे से अनियंत्रित होकर ट्रेलर टकरा गया। हमले में ट्रेलर चालक घायल हो गया।
चोपन से कोयला लदा ट्रक रॉबर्ट्सगंज जा रहा था। मारकुंडी बाजार के समीप ट्रक का अगला टायर फटने से अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़कर खड़ा हो गया था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में ट्रेलर चालक को गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर पहुंची गुरमा चौकी पुलिस ने चालक को केबिन से निकाला जिला अस्पताल भिजवाया। कोयला लदे ट्रक का चालक और खलासी सुरक्षित बच गए। घटना स्थल पर जुटी भीड़ की वजह से कुछ देर तक वाहनों का आवागमन बाधित रहा।