चकिया के भीषमपुर में जोरआजमाइश करते पहलवान। संवाद
चकिया। क्षेत्र के भीषमपुर गांव स्थित विदेशी बाबा मंदिर के पास चंपहड़िया पहाड़ पर रविवार को नवयुवक मंगल दल सेवा समिति की ओर से कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इसमें वाराणसी के आशीष को चित कर मड़ईपुर के उदयवीर ने 10 हजार की इनामी कुश्ती जीत ली।
दंगल का उद्घाटन सपा नेता महेंद्र राव और ग्राम प्रधान अरविंद गुप्ता ने किया। दंगल में कुल 12 जोड़ी कुश्तियां हुईं। इनमें चार कुश्तियां फाइनल तक पहुंचीं। 10 हजार रुपये की इनामी कुश्ती में वाराणसी के अनंत स्वामी और महाराजपुर के निलेश के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें निलेश विजयी रहे। सेमरी के रामबली और मधुपुर के अभय के बीच तीन हजार रुपये की कुश्ती हुई।
इसमें अभय विजयी रहे। भीषमपुर के प्रिंस यादव और भभौरा के रामू यादव के बीच 10 हजार रुपये की कुश्ती हुई। इसमें प्रिंस ने बाजी मारी। वहीं, वाराणसी के आशीष और मड़ईपुर के उदयवीर के बीच हुई 10 हजार रुपये की कुश्ती हुई। इसमें उदयवीर विजेता घोषित किए गए।
वाराणसी के प्रवीण और रोहतक, हरियाणा के विपुल के बीच 30 हजार रुपये तथा वाराणसी के जसवंत और दिल्ली के नरेश के बीच 50 हजार रुपये की कुश्ती बारिश के कारण नहीं हो सकी। निर्णायक की भूमिका समीम खान, फूलचंद पाल और पन्ना यादव ने निभाई। इस मौके पर नवयुवक मंगल दल समिति के अध्यक्ष शेखर यादव, ग्राम प्रधान अरविंद गुप्ता, राकेश कुमार गुप्ता, विजय बहादुर सिंह, वीरेंद्र यादव, विभूति बाबा, राम आशीष यादव, गुरुदेव चौहान, मंगल मौर्य, हीरालाल यादव, सुरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।