सदर व चकिया कोतवाली क्षेत्र के दो युवकों को मालिक के रुपये हड़पना शनिवार को मंहगा पड़ा। लूट का जाल बुनने के दोनों आरोपियाें को पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में जेल भेज दिया। इस बाबत शनिवार दोपहर पत्रकारों के समक्ष पुलिस लाइन में एसपी मुनिराज जी ने इस मामले का खुलासा किया।
एसपी ने बताया कि नगर के एक एग्रो आयल कंपनी के मालिक अजय दूबे ने शुक्रवार की शाम साथ में काम करने वाले सदर कोतवाली क्षेत्र के नवहीं गांव निवासी प्रदीप कुमार को नौगढ़ से धान की भूसी (कन्ना) लाने के लिए एक लाख 64 हजार रुपए दिया। वह अपनी डीसीएम ट्रक अपने रिश्तेदार रसियां गांव निवासी जयराम के साथ पैसा लेकर नौगढ़ जाने की बजाय अपने घर चला गया। इसके बाद उसकी नीयत बिगड़ गई।
रिश्तेदार के यहां पहुंच उसके घर पैसा रख दिया। चकिया पुलिस को सूचना दी की उनका पैसा नौगढ़ जाते समय जलेबिया मोड़ के पास लूट लिया गया है। दोनों पुलिस को चकमा देने के लिए शनिवार की सुबह आठ बजे कोतवाली में पहुंच गए। घटना को लेकर पुलिस हरकत में आ गई। काफी छानबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला तो कोतवाल एके सिंह ने इसकी सूचना कंपनी के मालिक को दी और उन्होंने बताया कि रात्रि में प्रदीप अपने गांव में ही था। पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की तो दोनों ने पैसा हड़पने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में दोनों को जेल भेज दिया।