दीपावली और डाला छठ पर ट्रेनों में यात्रियों की अत्यधिक भीड़ है। दिल्ली और पटना के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे पटना से नई दिल्ली के बीच दो वंदे भारत स्पेशल ट्रेन चलाएगा।
वंदे भारत के चलने से यात्रियों को त्योहार में घर पहुंचने और त्योहार के बाद वापस लौटने में आसानी होगी। मंगलवार को इसके लिए नोटिफिकेशन जारी किया गया।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि दो वंदे भारत में एक बीस रैक वाली और दूसरी 16 रैक वाली होगी। ट्रेन संख्या 02253 वंदे भारत स्पेशल पटना से 11 अक्तूबर से 17 नवंबर तक शनिवार सोमवार और बुधवार को सुबह 10 बजे खुलेगी।
यह ट्रेन आरा, बक्सर रुकते हुए 13:10 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी। यहां से चलकर प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़ होते हुए रात 23:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 02254 वंदे भारत स्पेशल नई दिल्ली से 12 अक्तूबर से 16 नवंबर तक प्रत्येक रविवार, मंगलवार और बृहस्पतिवार को सुबह 08:15 बजे खुलेगी और उसी दिन शाम छह बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी।
यहां से चलकर रात 21:30 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। इस ट्रेन में बीस कोच होंगे। इसी तरह 16 कोच वाली 02252 वंदे भारत पूजा स्पेशल नई दिल्ली से 11 अक्तूबर से 15 नवंबर तक प्रत्येक सेामवार, बुधवार और शनिवार को सुबह 08:35 बजे खुलेगी और अलीनगर, कानपुर, प्रयागराज होते हुए शाम 18 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी।
यहां से चलकर बक्सर, आरा होते हुए रात 21:30 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 02251 वंदे भारत स्पेशल पटना से 12 अक्तूबर से 16 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार, बृहस्पतिवार और रविवार को सुबह 10 बजे खुलेगी। यहां आरा, बक्सर होते हुए 13:10 बजे पीडीडीयू जंक्शन पहुंचेगी। यहां से चलकर रात 23:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।