धानापुर /धीना (चंदौली)।। क्षेत्र के अलग अलग इलाकों में सोमवार को तालाब और पोखरे में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। काफी तलाश के बाद दोनों के शवों को बाहर निकाला गया। दो किशोरों की मौत से परिवार वालों में कोहराम मचा हुआ है।
धानापुर थाना के धरांव गांव के पूरब स्थित इमरती तालाब में सोमवार को एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। गांव निवासी यूसुफ (17) पुत्र परवेज खान सगड़ी से सामान लेकर घर लौट रहा था। वह तालाब के किनारे बने संकरे रास्ते से गुजरते समय यूसुफ अचानक फिसल गया और गहरे पानी में जा गिरा। काफी देर तक बाहर न निकलने पर ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर तलाश शुरू की।
लगभग 20 मिनट की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया। ग्रामीणों ने उसे सीतापोखरी स्थित निजी अस्पताल में पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उसे जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हाे गई। इस संबंध में थाना अध्यक्ष त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इसी तरह धीना थाना के कमालपुर कतकौलिया मौजा स्थित पोखरे में सोमवार की शाम नहाने के दौरान एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सनी (16) पुत्र संजय राजभर निवासी हरीचरना, थाना सकलडीहा के रूप में हुई है। परिवार वालों के अनुसार सनी छठ पूजा के अवसर पर अपने ननिहाल इकबालपुर गांव अपनी मां के साथ आया हुआ था। सोमवार को छठ पर्व के दौरान वह अन्य बच्चों के साथ पोखरे में नहाने उतरा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आस-पास मौजूद लोगों की नजर पड़ने पर ग्रामीणों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला।
गंभीर हालत में परिजन और ग्रामीण उसे डायल 100 पुलिस की मदद से जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही सनी की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। छठ पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। इस संबंध में धीना थानाध्यक्ष सुरेंद्र निषाद ने बताया कि पोखरे में डूबने से किशोर की मौत हुई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।