चंदौली। बलुआ पुलिस ने मंगलवार को क्षेत्र के रामशाला के पास गंगा नदी के किनारे दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 54 किलो गांजा बरामद किया। तस्कर बोरे में गांजा रखकर ग्राहक के आने का इंतजार कर रहे थे।
एएसपी प्रेमचंद ने पुलिस लाइन में तस्करों की गिरफ्तारी व गांजा बरामदगी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बलुआ एसओ मंगलवार की सुबह मारूफपुर चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि कुछ तस्कर बोरे में मादक पदार्थ के साथ गंगा नदी की रेत पर मौजूद किसी ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। इस पर उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम टांडा कला के समीप रामशाला पहुंची और घेराबंदी कर तस्करों को धर दबोचा। तलाशी लिए जाने पर उनके पास के बोरे से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस तस्करों को गिरफ्तार कर गांजे के साथ थाने ले आई। यहां वजन कराने पर बरामद गांजा 54 किलो निकला। पुलिस की पूछताछ में तस्करों ने बताया कि चंदौली समेत आसपास के कई जिलों में उनका रैकेट फैला हुआ है जहां वे गांजे की तस्करी करते हैं। गंगा किनारे ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। एएसपी ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए महकमा अलर्ट है। गिरफ्तार तस्करों में आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के कुड़िहर गांव के रहने वाला अंगज राजभर व देवगांव थाना के अगेहता गांव का शरद शुक्ला शामिल है।