शहाबगंज(चंदौली)। थाना क्षेत्र के विशुनपुरा पुल के पास से बुधवार की सुबह पुलिस ने दो पिकअप में लादकर बिहार ले जाए जा रहे 15 मवेशियों को पुलिस ने बरामद किया। इस दौरान दो पशु तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़े, पुलिस के अनुसार पकड़े गए पशु तस्करों के पास से एक तमंचा, कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस को देख भागने के दौरान एक पिकअप के पलटने से बरामद 15 मवेशियों में चार मरे मिले।
पुलिस की माने तो मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाने की पुलिस ने घेराबंदी की, इस दौरान बबुरी की तरफ से तेज गति से दो पिकअप आती दिखी, पुलिस ने जब पिकअप रोकने का प्रयास किया तो आरोपी वाहन को तेज गति से लेकर भागने लगे। तभी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गया। मौके का लाभ उठाकर वाहन में सवार आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने दौड़ाकर दो को दबोचा। हालांकि पुलिस की सक्रियता के बाद भी दो आरोपी भागने में सफल रहें।
तलाशी के दौरान पिकअप से 11 जिंदा और चार मृत गोवंश बरामद हुए। पकड़े गए आरोपियों के पास से 315 बोर का एक तमंचा के साथ कारतूस बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में टिंकू सोनकर बबुरी थाना क्षेत्र के लेवा गांव का तथा अमन साहनी मिर्जापुर जिले के चुनार थाना क्षेत्र के अदलपुरा गांव का निवासी बताया गया। पुलिस गिरफ्तार और फरार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। थानाध्यक्ष शहाबगंज मनोज कुमार के अनुसार आरोपी मवेशियों को लेकर बिहार जा रहे थे।