पीडीडीयू नगर। चंदौली एसपी आदित्य लांग्हे ने अलीनगर थाना के भूपौली चौकी पर नियुक्त मुख्य आरक्षी विनय कुमार द्विवेदी और आरक्षी राहुल कुमार को निलंबित कर दिया है। दोनों पर पशु तस्करों से साठगांठ के आरोप लगे हैं। 21 नवंबर को चौकी पर लाए गए तस्करों के वाहन के वैध कागजात न होने पर भी इन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की थी।
अलीनगर थाना क्षेत्र के भूपौली चौकी पर तैनात दोनों पुलिसकर्मियों ने 21 नवंबर को मवेशी लदा वाहन पकड़ा था और उसे चौकी लाए थे। वाहन के कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। इसके बावजूद उन्होंने तस्करों को अनुचित लाभ देते हुए वाहन को छोड़ दिया था। इस घटना की जानकारी होने पर पुलिस अधीक्षक ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं। एसपी आदित्य लांग्हे ने कहा कि पुलिस की लापरवाही और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।