सकलडीहा। कोतवाली पुलिस ने रविवार को महिला से करीब नौ लाख रुपये की शिवलिंग और घड़ी ठगने वाले दो लोगों को स्थानीय सघन तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। महिला ने पिछले वर्ष जुलाई माह में ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पकड़े गए जालसाज बाबाओं के पास से पुलिस ने सोने की शिवलिंग, लग्जरी कार, दो स्मार्ट मोबाइल फोन और एक घड़ी बरामद की है।
कस्बा निवासी मनोज कुमार की पत्नी सरिता देवी लंबे समय से घर में भूत-प्रेत व गृह क्लेश को लेकर परेशान थी। इसी बीच चकिया थाना के सैदुपुर निवासी धर्मराज मौर्या उर्फ संतोष श्रीकेश बाबा और बिहार, भभुआ कैमूर जिला के अधौरा थान के चौधरना निवासी बलवंत यादव से उसकी मुलाकात हो गई। दोनों ने महिला को सारी समस्या को दूर करने का विश्वास दिया और इसके लिए पूजा-पाठ कराने की सलाह दी। इसके लिए सोने की शिवलिंग व घड़ी का बंदोबस्त भी करने को कहा। सभी इंतजाम होने की जानकारी होने पर बाबाओं ने बीते वर्ष 29 जुलाई 2022 को सरिता को लाल कपड़े में सोने का शिवलिंग और घड़ी लेकर बलुआ स्थित गंगा घाट पर आने को कहा था। महिला सोने से बना करीब नौ लाख रुपये का शिवलिंग और घड़ी लेकर गंगा नदी के किनारे पहुंची। इसके बाद पूजा-पाठ कराने वाले दोनों ढोंगी बाबाओं ने महिला को नदी में स्नान करने के लिए कहा। वहीं मौका ताड़कर सोने के शिवलिंग की जगह लोहे की नट रखकर महिला को तीन दिन बाद लाल कपड़ा हटाने की बात कही और वहां से चले गए। तीन दिन बाद महिला ने लाल कपड़ा हटाया तो शिवलिंग के स्थान पर लोहे का नट देख हैरान हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी बाबाओं के नहीं मिलने पर महिला ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज करा दिया था। इस संबंध में कोतवाल विमलेश कुमार मौर्या ने बताया कि ठगों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।