शिकारगंज के गरई नदी पुल पर लगा पानी। संवाद
- फोटो : कार्यकारी अभियंता कार्यालय के बाहर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते कर्मचारी। संवाद
शिकारगंज। चकिया-अहरौरा मार्ग पर अमरा दक्षिणी गांव के पास स्थित गरई नदी के पुल के ऊपर दो फीट पानी बह रहा है। तेज बहाव के बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर पुल पार कर रहे हैं, जिससे कभी भी हादसा हो सकता है। यही नहीं, पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग रही है।
चंदौली और मिर्जापुर जनपद को जोड़ने वाले इस मार्ग पर गरई नदी स्थित है। लगातार बारिश के कारण नदी उफान पर है। नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। इससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक पानी का बहाव तेज होने के कारण कई वाहन पुल पर फंस चुके हैं। लोगों ने किसी तरह वाहनों को पानी से बाहर निकाला।
वहीं, कई बाइक सवार भी पुल पार करते समय फिसलकर गिर चुके हैं। सीओ अजीत सिंह चौहान ने बताया कि नदी पुल पर पानी के तेज बहाव को देखते हुए शिकारगंज चौकी पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों से अपील की जा रही है कि तेज बहाव के दौरान पुल पार करने से बचें और अपनी सुरक्षा का ध्यान रखें।